हनुमानगढ़। विश्व जल दिवस के अवसर पर भारतीय जैन संगठन, हनुमानगढ़ की ओर से रविवार को जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक गणेश राज बंसल ने जल संरक्षण स्टीकर का विमोचन किया। इस मौके पर विधायक गणेश राज बंसल ने भारतीय जैन संगठन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने संगठन के सदस्यों को इस अभियान के माध्यम से समाज में व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया। इससे पूर्व एसएस जैन सभा भवन, टाउन में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई और समाज में पानी बचाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष स्टीकर तैयार कर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पानी के रिसाव को रोकने के लिए अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
