हनुमानगढ़। संगरिया थाना पुलिस ने पिता-पुत्र को 805 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अफीम के अलावा 2 लाख रुपए की बिक्री राशि, तीन मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेटें बरामद की हैं। अफीम के परिवहन में प्रयुक्त टाटा हैरियर कार को भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, संगरिया थाना के कार्यवाहक प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पुलिस टीम के साथ संगरिया कस्बे में गश्त के लिए रवाना हुए थे। गश्त के दौरान वार्ड 26 में पुलिस टीम को एक काले रंग की टाटा हैरियर कार आती दिखाई दी। कार चालक ने पुलिस की गाड़ी को सामने से आता देखकर अचानक कार को एक गली में मोड़ दिया। गली में आगे कंटीली झाड़ियां होने के कारण चालक कार को रोककर वापस घुमाने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछे से अपनी गाड़ी रोककर रास्ता घेर लिया, जिससे हैरियर कार आगे-पीछे नहीं जा सकी। पुलिस ने कार को रुकवाया तो उसमें सवार दो व्यक्तियों की पहचान संदीप कुमार (46) पुत्र रामकुमार निवासी वार्ड नंबर 26 संगरिया और उसके पुत्र जयंत कुमार (20) पुत्र संदीप कुमार निवासी वार्ड नंबर 26 संगरिया के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, हैरियर कार की सीट के बीच एक गहरे नीले रंग का बैग मिला। बैग में इलेक्ट्रॉनिक कांटा और थैली में 805 ग्राम अफीम मिली। तलाशी के दौरान बैग से अलग-अलग नोटों की आठ गड्डियां मिलीं। इनमें 500 रुपए के 254 नोट, 200 रुपए के 190 नोट और 100 रुपए के 350 नोट थे, जिनकी कुल राशि 2 लाख रुपए थी। पूछताछ में दोनों ने इस रकम को अफीम की बिक्री से प्राप्त राशि बताया। पुलिस ने अफीम व नकदी को कब्जे में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में संदीप कुमार ने बताया कि उसकी ओवरब्रिज के नीचे ‘संदीप हेयर सैलूनÓ नाम से नाई की दुकान है और वह करीब तीन साल से अफीम का सेवन करता है। उसका बेटा जयंत अफीम मंगवाकर देता था और वह आगे ग्राहकों को बेचता था। उसने अफीम को 1500 रुपए प्रति तोला (10 ग्राम) के हिसाब से बेचने की बात बताई।
मध्यप्रदेश से अफीम मंगवाना स्वीकारा
पूछताछ में संदीप ने बताया कि उसका बेटा मध्यप्रदेश के किशोर कृष्णा नामक व्यक्ति से अफीम मंगवाता था। जयंत कुमार ने बताया कि वह पीजी कॉलेज सूरतगढ़ में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ता है। उसके पिता अफीम का सेवन करते हैं और संगरिया में अफीम का सेवन करने वाले ग्राहकों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते हैं। जयंत ने बताया कि वह मध्यप्रदेश के उक्त व्यक्ति से संपर्क कर अफीम मंगवाता था। उसने करीब 15-20 दिन पहले संगरिया के पास सड़क पर एक किलो 800 ग्राम अफीम खरीदने की बात भी पूछताछ में बताई।
वाहन और नंबर प्लेटें भी जब्त
पुलिस ने संदीप कुमार तथा जयंत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। अफीम के परिवहन में प्रयुक्त हैरियर कार नंबर एचआर 26 ईडी 8065 को भी जब्त कर लिया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की आगे की जांच तलवाड़ा झील थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजपाल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग वाहनों के नंबरों वाली कई नंबर प्लेटें भी बरामद हुई हैं। इस संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल महंगा सिंह, प्रदीप काल्वी और कांस्टेबल सुखबीर सिंह शामिल रहे। इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम सेक्टर हनुमानगढ़ की विशेष भूमिका रही।
