हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को विकसित भारत प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में मानस नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया ने की। अभियान के तहत पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, हस्ताक्षर अभियान तथा नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में मोनिका पुत्री पुरखाराम (बीए द्वितीय सेमेस्टर) ने प्रथम, रूपकंवर पुत्री फतेहसिंह (बीए द्वितीय सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा निशा सुथार पुत्री प्रहलाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में गौरव (बीएससी द्वितीय सेमेस्टर) प्रथम, रजि़या पुत्री दर्शन सिंह द्वितीय तथा भविष्य सिंह (बीसीए द्वितीय सेमेस्टर) तृतीय स्थान पर रहे। प्राचार्य डॉ. अहरोदिया ने छात्र-छात्राओं को मानस नशा मुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए इसे सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विकसित भारत प्रकोष्ठ प्रभारी भागवंती ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और कहा कि विकसित राजस्थान एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को नशे से दूर रहना होगा। कार्यक्रम के सह-संयोजक अनमोल शर्मा ने छात्र-छात्राओं को बताया कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे की खरीद-फरोख्त या अवैध गतिविधि हो रही हो तो जिला प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नम्बर पर इसकी सूचना दें। महाविद्यालय में शिकायत पेटिका के माध्यम से भी जानकारी दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी। आई-स्टार्ट सूचना सहायक शीनू शर्मा ने डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों और नशा उन्मूलन के लिए सरकार की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस मौके पर सहायक आचार्य डॉ. भावना, कृति, डीआर स्वामी, योग प्रशिक्षक अवतार सिंह, कुलदीप सिंह, योगेश अरोड़ा, रणजीत सिंह, राजीव झा, हेमलता सहित एनएसएस-एनसीसी एवं स्काउट के स्वयंसेवक मौजूद रहे।
