हनुमानगढ़। जंक्शन थाना क्षेत्र में प्लॉट से ईंटें चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी योगेश कुमार उर्फ कालू (25) पुत्र जगदीश चन्द्र नायक निवासी वार्ड नंबर 59, सुरेशिया, हनुमानगढ़ जंक्शन को रविवार को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में परिवादी निरंजन प्रकाश चोपड़ा (49) पुत्र दाताराम चोपड़ा, निवासी वार्ड नंबर 59, सुरेशिया ने मामला दर्ज करवाया था। परिवादी के अनुसार उनका एक आवासीय प्लॉट मॉडल टाउन में डीटीओ ऑफिस के पीछे ब्लॉक डी-120 में स्थित है, जहां दो वर्ष पूर्व चारदीवारी और मिट्टी भरवाई करवाई गई थी। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे जब वे प्लॉट पर पहुंचे तो कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटें भर रहे थे। विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस चौकी सुरेशिया में दी, जिस पर चौकी प्रभारी गुरदेव सिंह मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली खाली करवाई। इसके बाद दो दिन पश्चात जब परिवादी पुन: प्लॉट पर पहुंचे तो देखा कि शेष ईंटें भी चोरी हो चुकी थीं। इस पर उन्होंने पुन: पुलिस को सूचना दी। परिवादी ने बताया कि चारदीवारी में करीब 12 हजार ईंटें लगी हुई थीं, जिनकी वर्तमान कीमत लगभग 72 हजार रुपये है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
