बीकानेर। राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता सुमित गोदारा के कोलायत दौरे के दौरान उनके ट्रैक्टर पर सवार दिखाई देने वाले कांग्रेस नेता श्याम सिंह भाटी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाटी को बीकानेर देहात कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है। गौरतलब है कि श्याम सिंह भाटी को महज पांच दिन पहले, 9 जुलाई को, बीकानेर देहात कांग्रेस का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। मंत्री सुमित गोदारा के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी नेतृत्व ने इसे अनुशासनहीनता का मामला मानते हुए कार्रवाई की। हालांकि, श्याम सिंह भाटी ने अपने ऊपर लगाए जा रहे राजनीतिक आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वे कोलायत क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास संबंधी मांगों को लेकर मंत्री सुमित गोदारा से मिलने गए थे। उन्होंने बताया कि मंत्री गोदारा उनके पड़ोसी हैं और उन्होंने स्वयं उन्हें ट्रैक्टर पर बैठा लिया था। भाटी के अनुसार, वे करीब सौ कदम चलने के बाद ही ट्रैक्टर से उतर गए थे। भाटी ने यह भी कहा कि पार्टी ने उनका पक्ष जाने बिना ही कार्रवाई कर दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आगे भी कोलायत क्षेत्र की जनता की समस्याओं और मांगों को लेकर संघर्ष और आंदोलन जारी रखेंगे।

उल्लेखनीय है कि कोलायत दौरे के दौरान मंत्री सुमित गोदारा के ट्रैक्टर पर कांग्रेस नेता के सवार होने का वीडियो सामने आते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इसे पार्टी विरोधी गतिविधि बताया था। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस ने संगठनात्मक अनुशासन का हवाला देते हुए कार्रवाई की। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस के इस फैसले के जरिए पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया है कि पार्टी लाइन से अलग सार्वजनिक गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा और अनुशासन के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
