ऐलनाबाद। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान जारी है। इसी क्रम में ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह के नेतृत्व में शहर में नाकाबंदी के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालकर दहशत फैलाने वाले एक युवक का 20 हजार रुपये का चालान किया गया। इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर में अवैध संशोधन कर तेज धमाके जैसी आवाज निकालना मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। अचानक तेज आवाज से बुजुर्गों, बच्चों एवं हृदय रोग से पीड़ित व्यक्तियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

कई बार ऐसी हरकतें सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बनती हैं। अभियान के दौरान ट्रिपल राइडिंग, तेज गति से वाहन चलाने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले कुल 126 वाहनों के भी चालान किए गए। ट्रैफिक पुलिस की टीमें शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार नाकाबंदी कर नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रही हैं। ट्रैफिक थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेने एवं सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों में किसी प्रकार का अवैध संशोधन न करवाएं। नियमों की पालना कर न केवल स्वयं सुरक्षित रहें, बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
