हनुमानगढ़। राजस्थान में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ब्रांड एम्बेसडर एवं डूंगरपुर नगर परिषद के पूर्व सभापति केके गुप्ता ने सोमवार को हनुमानगढ़ दौरे के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जंक्शन बस स्टैंड एवं टाउन बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यात्रियों से फीडबैक भी लिया गया। यात्रियों ने बताया कि हनुमानगढ़ में स्वच्छता के मामले में नगर परिषद अच्छा कार्य कर रही है और सुबह-शाम नियमित रूप से शौचालयों की सफाई की जाती है। यहां किसी प्रकार की गंदगी नहीं पाई जाती।

इस पर केके गुप्ता ने कहा कि जब आमजन और यात्री स्वयं स्वच्छता व्यवस्था की सराहना करने लगें, तो यह नगर परिषद के अच्छे कार्य का प्रमाण है। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था पर संतोष जताते हुए इसके लिए नगर परिषद आयुक्त सहित पूरी टीम को धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि हनुमानगढ़ स्वच्छ शहर है। बाहरी ही नहीं अन्दरूनी क्षेत्र में भी स्वच्छता है। शौचालय भी ऐतिहासिक रूप से बहुत अच्छे और साफ-सुथरे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के बारे में बताने की आवश्यकता नहीं, यह खुद बोलती है। यहां की जनता का सौभाग्य है कि वह इतने स्वच्छ शहर में रह रही है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर प्रधानमंत्री ही नहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री भी दृढ़ संकल्पित हैं। उनका विजन भी हर शहर-गांव, ढाणी को स्वच्छ बनाना है। इसके पीछे मतलब साफ है कि बीमारियों को भगाया जाएगा और राजस्थान को समृद्ध और विकसित राजस्थान बनाया जाएगा। उम्मीद है कि राजस्थान में हनुमानगढ़ प्रेरणादायक स्वच्छता का प्रतीक बनेगा।
उच्च गुणवत्ता की घास का प्रयोग करने की सलाह
इसके बाद केके गुप्ता ने टाउन स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क का निरीक्षण किया। नगर परिषद अधिकारियों ने सभापति केके गुप्ता को बताया कि करीब 9 बीघा क्षेत्र में विकसित इस पार्क में बच्चों के लिए झूले, हरियाली और कैंटीन सहित अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस पर गुप्ता ने सुझाव दिया कि डूंगरपुर के पार्कांे में उपयोग की जा रही उच्च गुणवत्ता की घास का प्रयोग हनुमानगढ़ में भी किया जा सकता है। दौरे के अंत में टाउन स्थित नगर परिषद सभागार में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले भर की नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में गुप्ता ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) क्षेत्र के तहत शहरों को स्वच्छ, सुंदर, हरा-भरा बनाए जाने के बिन्दु और तरीके साझा किए। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव, स्वच्छता निरीक्षक जगदीश सिराव, प्रेमलता पुरी, रमनदीप कौर, शांतिलाल बिस्सा एवं एक्सईएन रामप्रसाद मीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

