हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के नई खुंजा के वार्ड नंबर 4 और 5 में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। आक्रोशित वार्डवासियों ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और एसई का घेराव कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान वार्डवासी हाथों में बल्ब लेकर पहुंचे और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को समस्या से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की। एसई की ओर से शीघ्र समस्या समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ। वार्डवासी विजय टाक ने बताया कि वार्ड नंबर 4 में पिछले लंबे समय से बिजली की समस्या बनी हुई है।

पिछले डेढ़ साल से विद्युत तारों में बार-बार फॉल्ट आ रहे हैं, जिससे बार-बार बिजली कटौती हो रही है। इससे जहां दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बच्चे-बुजुर्ग पूरी रात सो नहीं पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 400 मीटर लंबी लाइन में कई स्थानों पर तारों के जोड़ हैं, जिससे लगातार स्पार्किंग होती रहती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ढीले और जर्जर तारों में शॉर्ट सर्किट होने से पूरी रात और आधा दिन बिजली आपूर्ति ठप रही।

वहीं रामनिवास किरोड़ीवाल ने बताया कि गुरुवार रात को करीब चार घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे क्षेत्रवासी गर्मी में बेहाल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य रहती है, जबकि खुंजा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हजारों की आबादी रहती है और लंबे समय से एक जर्जर विद्युत तार को बदलने की मांग की जा रही है, लेकिन विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस मौके पर राजेंद्र, बलराम मास्टर, नोरंग, भजनलाल, खानूराम, वकील सिंह, महावीर, दीपांकर, अजय, सुनील, देवीलाल सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे।
