- ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ का दिया संदेश, निकाय चुनाव में सक्रिय भागीदारी की अपील
हनुमानगढ़। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के अंतर्गत मंगलवार को नगर परिषद हनुमानगढ़ टाउन के सभागार में महिला मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराते हुए आगामी नगरीय निकाय चुनाव में अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में आईसीडीएस विभाग एवं नगर परिषद हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में करीब 100 महिला मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर नगर परिषद के सचिव श्री मनीष पारीक, राजस्व अधिकारी सुश्री अल्ताफ बानो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने महिलाओं को मतदान के अधिकार, उसकी संवैधानिक महत्ता तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में चुने जाने वाले जनप्रतिनिधि शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक सुविधाओं तथा स्थानीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेते हैं। इसलिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना आवश्यक है, ताकि योग्य, ईमानदार और जनहितैषी प्रतिनिधियों का चयन हो सके।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से अपील की गई कि वे स्वयं शत-प्रतिशत मतदान करें तथा अपने परिवार, पड़ोस और आसपास की अन्य महिला मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि किसी भी प्रकार के दबाव, प्रलोभन अथवा प्रभाव से मुक्त होकर अपने विवेक से मतदान करना ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है। ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
