हनुमानगढ़। गांव पक्कासारणा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों के बीच चल रहे विवाद को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने ज्ञापन सौंपकर महिला शिक्षिका के तबादले पर आपत्ति जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय की शिक्षिका पूनम ने पहले ही एक अन्य शिक्षक अमन निवाद के खिलाफ शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज करवाई थी। उनका आरोप है कि शिकायत की विभागीय जांच किए बिना ही महिला शिक्षिका का तबादला महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, मुंडा कर दिया गया, जबकि विवाद के मूल कारणों की जांच नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षिका पूनम का शैक्षणिक परिणाम बेहतर रहा है और उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में उनका तबादला किए जाने से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल प्रभावित होगा। उन्होंने मांग की कि पूनम का तबादला निरस्त कर उन्हें पुन: विद्यालय में कार्यरत रखा जाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में दूसरे शिक्षक के कारण लंबे समय से विवाद का वातावरण बना हुआ है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच कर वास्तविक दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन तेज करते हुए धरना-प्रदर्शन करेंगे तथा विद्यालय पर ताला लगाने जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी। ग्रामीणों ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी से एकतरफा कार्रवाई की समीक्षा कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और न्यायोचित निर्णय लेने की मांग की। इस मौके पर रणवीर, रमेश, विजय माली, राजू, सोनू, साहबराम, विजय कुमार, करण, विनोद, दलीप कुमार, पंकज, पवन खीचड़, महेन्द्र कुमार, हेमचन्द सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
