हनुमानगढ़। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले मां ब्रह्माणी मेले चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। मेले के मुख्य दिवस से पूर्व खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत पल्लू कस्बे में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने कुल 6 खाद्य नमूने संग्रहित किए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देश पर गठित निरीक्षण दल ने मेले के दौरान प्रसाद और मावा आधारित मिठाइयों की अधिक खपत को ध्यान में रखते हुए विशेष जांच अभियान चलाया।

डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मां ब्रह्माणी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे प्रसाद और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका को रोकना विभाग की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद के नेतृत्व में टीम ने पल्लू के प्रमुख मिठाई व खाद्य विक्रेताओं की दुकानों पर जाकर जांच की। इस दौरान मै. भाई-भाई रसगुल्ला भंडार से मावा मिठाई, मै. गणेश होटल एंड रेस्टोरेंट से पेड़ा, मै. ऊंटवालिया मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई, मै. नीलकंठ मिष्ठान एवं नमकीन भंडार से लड्डू तथा कुलचासर स्थित मै. बॉयलर मावा भंडार से मावा और घी के नमूने लिए गए।

गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही करें निर्माण
डॉ. नवनीत शर्मा ने सभी खाद्य व्यवसायियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे केवल शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही निर्माण और विक्रय करें। साथ ही अपने प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई बनाए रखें और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रकार की मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से आमजन में भी शुद्ध खाद्य सामग्री को लेकर विश्वास बढ़ा है। निरीक्षण दल में सहायक कर्मचारी हीरावल्लभ, गार्ड रणवीर गिरी और वाहन चालक गुरुशरण सिंह भी शामिल रहे। विभाग द्वारा लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
