– के.आर. कॉन्वेंट स्कूल की कक्षा सात की छात्रा ने 400 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
हनुमानगढ़। स्थानीय के.आर. कॉन्वेंट स्कूल की कक्षा सात की छात्रा वैष्णवी बिश्नोई ने राजस्थान स्विमिंग फेडरेशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सब-जूनियर तैराकी प्रतियोगिता-2026 में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय निदेशक अमन शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता उदयपुर स्थित महाराणा प्रताप खेल गांव में आयोजित हुई। इसमें विद्यालय की छात्रा वैष्णवी बिश्नोई, पिता आनंद कुमार धरनिया (वरिष्ठ अध्यापक) एवं माता अनीता ने भाग लिया। वैष्णवी ने 400 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में कड़े मुकाबले के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। विद्यालय पहुंचने पर सचिव राजेश गोदारा, निदेशक अमन शर्मा, अनमोल गोदारा, पीटीआई राम सिंह, प्रहलाद सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने वैष्णवी का स्वागत किया तथा आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। वैष्णवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच सारंग सर की मेहनत, माता-पिता के विश्वास और सहयोग को दिया। साथ ही के.आर. कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक राजेश गोदारा, प्रिंसिपल अमन शर्मा तथा सभी शिक्षकों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को अपनी उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया।
