– डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर मांगे वोट, नगीना बाई बोलीं-जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 15 में नगर परिषद चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी नगीना बाई के समर्थन में वार्ड की महिलाओं एवं किन्नर समाज के सदस्यों ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। नगीना वाटिका के आसपास सहित वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की गई।

भाजपा प्रत्याशी नगीना बाई ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि वार्ड की जनता उनके साथ खड़ी है। उन्होंने मतदाताओं से 11 सितंबर को होने वाले नगर परिषद चुनाव में अधिक से अधिक मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे जनता से कभी झूठे वादे नहीं करतीं और हमेशा लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने तथा समाधान के लिए प्रयास करती रही हैं।

नगीना बाई ने कहा कि पार्षद रहते हुए भी उन्होंने वार्ड में सेवा कार्य किए हैं और आगे भी वार्डवासियों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाने के लिए तत्पर रहेंगी। इस दौरान मैना बाई ने कहा कि नगीना बाई ने पूर्व में भी पूरे वार्ड की सेवा की है। भविष्य में भी वे इसी भावना के साथ वार्डवासियों के बीच रहकर उनकी सेवा करती रहेंगी। उन्होंने वार्डवासियों से नगीना बाई को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाकर नगर परिषद में भेजने की अपील की।

