– टीम गणेश राज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, नालियों की खराब निकासी और विकास में पिछड़ेपन को बनाया प्रमुख मुद्दा
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 15 से टीम गणेश राज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी नारायण राम नायक के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन शुक्रवार को निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल ने किया। कार्यालय उद्घाटन के बाद आयोजित नुक्कड़ सभा में बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए। सभा में वार्ड की समस्याओं पर चर्चा के साथ इस बार बदलाव का संकल्प लिया गया। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी नारायण राम नायक ने कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ ही वार्डवासियों ने एकजुट होकर बदलाव का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दस वर्षों में वार्ड नंबर 15 में उम्मीद के अनुरूप विकास कार्य नहीं हो पाए, जबकि शहर के अन्य वार्ड विकास की दृष्टि से आगे बढ़े हैं। उनका वार्ड अपेक्षित विकास से वंचित रह गया।
शहर बदला, लेकिन वार्ड-15 की तस्वीर नहीं बदली
नायक ने कहा कि निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल के सभापति कार्यकाल में शहर में सड़क, पार्क सहित अनेक विकास कार्य हुए और शहर की तस्वीर बदली। हालांकि, उनके अनुसार वार्ड नंबर 15 विकास की दौड़ में अपेक्षाकृत पीछे रह गया। उन्होंने कहा कि निर्माण शाखा के माध्यम से विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए राशि खर्च की गई, लेकिन वार्ड नंबर 15 में नई सड़कों के बजाय मुख्य रूप से पुरानी सड़कों की मरम्मत तक ही विकास सीमित रहा। उन्होंने कहा कि वार्ड की कई सड़कों एवं गलियों में आज भी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं।
जल निकासी की समस्या बनी बड़ी चुनौती
नारायण राम नायक ने वार्ड की नालियों की खराब निकासी व्यवस्था को प्रमुख समस्या बताते हुए कहा कि कई स्थानों पर नालियों का लेवल सही नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती। जलभराव के कारण मकानों की नींव तक पानी पहुंचने से दीवारों में दरारें आने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि वार्डवासियों ने इन समस्याओं को लंबे समय से झेला है और अब सभी ने मिलकर बदलाव लाने का फैसला किया है। उनका प्रयास रहेगा कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान करवाया जाए।
पिछली हार इस बार जीत का संकल्प बनी
नायक ने कहा कि पिछले चुनाव में वे कुछ ही मतों के अंतर से चुनाव हार गए थे, लेकिन इस बार वार्डवासियों ने उन्हें फिर से चुनाव मैदान में उतारने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि टीम गणेश राज बंसल की ओर से उन्हें टिकट मिलना उनके लिए आशीर्वाद के समान है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों को उम्मीद है कि जिस तरह गणेश राज बंसल ने शहर में विकास कार्य करवाए, उसी तरह उन्हें अवसर मिलने पर वे भी वार्ड का चहुंमुखी विकास करवाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। नायक ने वार्डवासियों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल पार्षद चुनने का नहीं, बल्कि वार्ड की विकास की दिशा बदलने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि वार्डवासी इस बार उन्हें अपना आशीर्वाद देकर विजयी बनाएंगे।
