– डोर-टू-डोर पहुंचकर मांगे वोट, विजय स्वामी बोले-जनता का मिल रहा पूरा समर्थन; सड़क, जल निकासी और स्ट्रीट लाइटें रहेंगी प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 29 से टीम गणेशराज बंसल की निर्दलीय प्रत्याशी कृष्णा देवी ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। मंगलवार को कृष्णा देवी ने समर्थकों के साथ वार्ड में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया। कृष्णा देवी के पति विजय स्वामी ने बताया कि कोहला पहले ग्राम पंचायत क्षेत्र था, जिसे अब नगर परिषद हनुमानगढ़ में शामिल किया गया है और वर्तमान में यह वार्ड नंबर 29 का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत रहते कोहला में विकास कार्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उनके अनुसार, गणेशराज बंसल के निर्दलीय विधायक बनने के बाद करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल में गांव में सड़क, नाली सहित विभिन्न विकास कार्य करवाए गए।
भाजपा-कांग्रेस पर विकास की अनदेखी का आरोप
विजय स्वामी ने वार्ड से भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा राबिया पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत सरपंच रहते उन्होंने विकास कार्यों को प्राथमिकता नहीं दी। उन्होंने कहा कि अब चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी को जनता के सवालों और समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर भी वार्ड के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टीम गणेशराज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशियों को वार्ड में जनता का समर्थन मिल रहा है। गली-मोहल्लों में प्रत्याशियों के पक्ष में उत्साह का माहौल है और लोगों का कहना है कि नगर परिषद में टीम गणेशराज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशियों का बोर्ड बनना चाहिए।
सड़क और जल निकासी की समस्या होगी प्राथमिकता
विजय स्वामी ने कहा कि यदि कृष्णा देवी चुनाव जीतती हैं तो वार्ड की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वार्ड के आधे से अधिक हिस्से में अभी कच्ची सड़कें हैं, जिन्हें पक्का करवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करवाना प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने बताया कि वार्ड में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
