– कांग्रेस नेताओं ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, रूकसाना बोलीं-जीती तो स्कूल और मूलभूत सुविधाओं को देंगी प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर टाउन के वार्ड नंबर 36 में कांग्रेस प्रत्याशी रूकसाना बानो के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन गुरुवार को विधिवत रूप से किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की नीतियों और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा तथा वार्डवासियों से रूकसाना बानो के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, गुरमीत सिंह चन्दड़ा, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, सुरेन्द्र मारवाल और गुलाब सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और गरीब, मजदूर तथा आमजन के हितों के लिए लगातार काम करती रही है। उन्होंने कहा कि देश में आमजन को वोट का अधिकार दिलाने से लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं तक कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

वक्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में पेंशन योजना में की गई बढ़ोतरी, खाद्य सुरक्षा योजना और अन्य जनहितकारी योजनाओं का उल्लेख किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले गेहूं की मात्रा में कटौती कर दी है। उन्होंने कहा कि टाउन में भव्य सेंट्रल पार्क का निर्माण, एग्रीकल्चर कॉलेज की स्थापना और एनएमपीजी कॉलेज का सरकारीकरण कांग्रेस सरकार की देन है। ऐसे में वार्डवासियों का दायित्व है कि वे कांग्रेस प्रत्याशी रूकसाना बानो को विजयी बनाकर नगर परिषद में भेजें और कांग्रेस का बोर्ड बनाने में सहयोग करें।
स्कूल और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाया
कांग्रेस प्रत्याशी रूकसाना बानो ने कहा कि उन्हें वार्ड के 12 एचएमएच, 14 एचएमएच, ढोली बस्ती और करतारपुर कॉलोनी में लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि जनसंपर्क के दौरान वार्डवासियों ने ढोली बस्ती और करतारपुर कॉलोनी में स्कूल नहीं होने की समस्या से अवगत कराया है। रूकसाना बानो ने कहा कि इन क्षेत्रों के अभिभावकों का कहना है कि स्कूल की सुविधा नहीं होने से उनके बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय सभी प्रत्याशी जनता के बीच वोट मांगने आते हैं, लेकिन जीतने के बाद कई लोग वार्डवासियों की समस्याओं से दूरी बना लेते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता ने उन्हें पार्षद चुना तो ढोली बस्ती और करतारपुर कॉलोनी में स्कूल की सुविधा शुरू करवाने के लिए प्राथमिकता से प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही वार्ड की अन्य मूलभूत समस्याओं का भी चरणबद्ध तरीके से समाधान करवाने का प्रयास रहेगा। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रूकसाना बानो को विजयी बनाने का संकल्प लिया।
