– सफाई व्यवस्था, पट्टों, नालों और लंबित विकास कार्यों पर जताई नाराजगी, समस्याओं का समाधान नहीं होने पर कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
संगरिया। शहरी सेवा शिविर के दौरान नगरपालिका हॉल पहुंचे विधायक अभिमन्यु पुनिया ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर कड़ा असंतोष जताते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, पट्टों के लंबित मामलों, नालियों की सफाई, अधूरे विकास कार्यों और अन्य जनसमस्याओं को लेकर अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस धरना-प्रदर्शन करेगी। विधायक ने कहा कि शहरी सेवा शिविर केवल औपचारिकता बनकर रह गया है और लोग पट्टों सहित विभिन्न कार्यों के लिए परेशान हो रहे हैं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से पूछा कि नगर पालिका के कितने कर्मचारी अन्य विभागों में लगाए गए हैं। इस पर ईओ ने बताया कि 38 कर्मचारी अन्य विभागों में कार्यरत हैं। विधायक ने उन्हें तत्काल वापस बुलाने के निर्देश दिए ताकि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार हो सके। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी लंबे समय से लंबित समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने कहा कि उनके पास प्रतिदिन नगर पालिका द्वारा लोगों के कार्य नहीं किए जाने की शिकायतें पहुंच रही हैं और अधिकारियों को इनका शीघ्र निस्तारण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के अधिकांश वार्डों में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से वे ओवरफ्लो हो रही हैं और गंदा पानी गलियों में फैल रहा है। खाली भूखंडों पर कचरा डालने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विधायक ने वार्ड-16 में होम साइंस कॉलेज के पीछे टूटी पुलिया, वार्ड-34 में मंगलम विहार मार्ग पर बंद पाइपलाइन के कारण सड़क पर बह रहे नाले के पानी, गुरूनानक नगर में स्थायी जल निकासी, टिब्बी बस स्टैंड रोड पर अधूरे नाले, वार्ड 1 से 3 में अधूरे नाला निर्माण, भगतपुरा रोड पर सड़क, नाली व पुलिया निर्माण तथा वार्ड-34 में गौशाला के पास जल निकासी की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 1 से 4, 9 से 12, 25, 26, 34 एवं 35 में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र परिवारों को वंचित रखा गया है। ऐसे परिवारों का सर्वे कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए। इसके अलावा शहरभर में खराब पड़ी रोड लाइटों को तुरंत बदलने तथा ठेकेदारों की मनमानी पर रोक लगाने की भी मांग की। विधायक ने ग्रामोत्थान संस्था की भूमि पर वर्षों से लंबित पट्टा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लोगों को पट्टे जारी करने तथा कार्यादेश जारी होने के बावजूद शुरू नहीं हुए विकास कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए डॉग शेल्टर (कुत्ता फार्म) बनाने की भी मांग उठाई। इस दौरान अरोड़वंश सभा के अध्यक्ष राजेश डोडा ने पार्कों की सफाई के नाम पर फर्जी बिल उठाने तथा दमकल के लिए मोटर खरीद में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। शिविर में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजीव सोनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर गोदारा, संजय कालीराणा, दिनेश डेलू, अशोक चौधरी, पवन सेठी, सुभाष चोरड़िया, नरेश बेनीवाल, पवन सोमानी, प्रकाश भाट, सुनील तिवाड़ी, सुरेंद्र कांसल, अमृतपाल सिंह, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रदीप बेनीवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
