हनुमानगढ़। जिला परिषद हनुमानगढ़ को पहली बार किसी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी के रूप में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मिला है। राजस्थान सरकार की ओर से जारी प्रशासनिक तबादला सूची में 2022 बैच की आईएएस अधिकारी श्रद्धा गोमे को हनुमानगढ़ जिला परिषद का सीईओ नियुक्त किया गया था। गुरुवार को उन्होंने जिला परिषद पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। श्रद्धा गोमे का तबादला उपखंड अधिकारी भवानीमंडी, झालावाड़ के पद से हनुमानगढ़ किया गया है। इससे पहले जिला परिषद के सीईओ रहे ओपी बिश्नोई के तबादले के बाद पद रिक्त चल रहा था।

सरकार की ओर से गत दिनों जारी तबादला सूची में प्रदेश के 26 आईएएस और 53 आरएएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए थे। इसी फेरबदल के तहत हनुमानगढ़ जिला परिषद में पहली बार आईएएस अधिकारी को सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यभार ग्रहण करने के बाद सीईओ श्रद्धा गोमे ने कहा कि जल्द ही रिव्यू बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिला परिषद और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यांे की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी का प्रयास रहेगा कि जिले में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज से संबंधित प्रकरण समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों। उन्होंने कहा कि जो भी प्रकरण लंबित हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। नई सीईओ ने कहा कि ग्रामीण विकास और पंचायती राज से जुड़े कार्यांे का उद्देश्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रास रूट लेवल यानी जमीनी स्तर तक आमजन को मिले, इस दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यांे में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान रहेगा। लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता से निपटाने के साथ विकास कार्यांे की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी।
