हनुमानगढ़। स्थानीय निकायों के चुनाव में देरी के विरोध में और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से चलाए जा रहे ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र हनुमानगढ़ के देहात व शहर ब्लॉक की बैठक शुक्रवार को जंक्शन स्थित पूर्व विधायक चौधरी विनोद कुमार के निवास पर आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की रणनीति तय करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, जयदेव भिड़ासरा, कृष्ण जैन, संगठन महासचिव गुरमीत चंदड़ा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र चौधरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली है।

पहले वन स्टेट वन इलेक्शन, फिर परिसीमन का बहाना बनाया और अब ओबीसी आयोग की रिपोर्ट नहीं आने का बहाना बनाकर सरकार चुनाव टाल रही है। अगर बार-बार हाईकोर्ट के आदेश की अवमानना होगी तो लोकतंत्र का अर्थ क्या रह जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित चुनाव आवश्यक हैं। इसी के विरोध में यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि जन जागरण के माध्यम से लोकतंत्र के महत्व को लोगों तक पहुंचाया जा सके।

अभियान के तहत आगामी दिनों में विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में संगठन विस्तार के साथ-साथ जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। मजबूत संगठन ही आगामी चुनावों में जीत की आधारशिला रखेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 7 अप्रैल तक प्रत्येक ग्राम पंचायत व नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड में 21 सदस्यीय कमेटियों का गठन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस मौके पर घनश्याम भादू, प्रेमराज नायक, राजेन्द्र नायक, रोहित स्वामी, प्रकाश जैन, योगेश चौहान, अमर सिंह सिहाग, रोहित जावा, रणवीर सिहाग, राजेन्द्र तंवर, अनिल भाम्भू, राजकुमार दूधवाल, भानीराम बगड़िया, अनिल खीचड़, कालूराम गोदारा, नवनीत संधू, हरमंद्र सिंह बराड़, अश्विनी पारीक, इशाक खान, कृष्ण नेहरा, इन्द्रजीत शर्मा, मोहम्मद सुभान, नेतराम, शमशाद, विजय सिंह जांगू, विजेन्द्र साईं सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


