हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से जारी स्टेट एक्शन प्लान की पालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने गुरुवार को टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित सखी सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संधारित रजिस्टरों की जांच की। इस दौरान सेंटर में कई तरह की अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के समय सेंटर परिसर में गंदगी एवं सीवरेज के पानी से बदबू की स्थिति पाई गई। इसके अलावा आवश्यक फर्नीचर की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली। इस पर सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने सखी सेंटर की काउंसलर को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सचिव तेनगुरिया ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा, परामर्श एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में सखी सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में इन केन्द्रों पर बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं होना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों से संबंधित रिपोर्ट जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि सेंटर की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके तथा पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
