– विद्यालय के विकास में दिया उल्लेखनीय सहयोग, जिला कलक्टर सहित गणमान्य अतिथियों ने किया सम्मानित
हनुमानगढ़। शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रेरणा पाहूजा को हनुमानगढ़ टाउन के सूर्यनगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्रमांक-3 में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में उन्हें साफा पहनाकर, सम्मान-पट्टिका, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रेरणा पाहूजा ने विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण कार्य करवाए हैं। उनके सहयोग से विद्यालय में रंग-रोगन, किचन का निर्माण, नए दरवाजों एवं मुख्य गेट का निर्माण, पंखों, चेयर सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई। इन विकास कार्यों से विद्यालय का वातावरण अधिक सुरक्षित, स्वच्छ, व्यवस्थित और विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक बन सका। सम्मान समारोह में उपस्थित अतिथियों ने प्रेरणा पाहूजा के इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे भामाशाहों के सहयोग से सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं विकसित हो रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल रहा है। इस अवसर पर प्रेरणा पाहूजा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग समाज के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में आगे आकर योगदान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सहयोग जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
