हनुमानगढ़। सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गांे के उचित प्रतिनिधित्व की मांगों को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन देशभर के जिला मुख्यालयों पर आयोजित किए जा रहे ‘संपूर्ण भागीदारी आंदोलन’ के तहत सौंपा गया। रेवंतराम पंवार ने कहा कि संविधान समानता और समान अवसर का अधिकार देता है, लेकिन अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं सहित अनेक वंचित वर्गांे को शिक्षा, रोजगार, राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल पाई है। ज्ञापन के जरिए आरक्षण को सामाजिक भेदभाव, छुआछूत, सामाजिक-शैक्षणिक वंचना और अपर्याप्त प्रतिनिधित्व को दूर करने का संवैधानिक माध्यम बताते हुए इसके प्रभावी पालन, महिला आरक्षण में 50 प्रतिशत आरक्षण तथा दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए ‘कोटे के अंदर कोटा’ सुनिश्चित करने, स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने और ओबीसी को लोकसभा व विधानसभाओं में उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने, जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ने, उच्च न्यायपालिका में एससी, एसटी और ओबीसी का प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने, कॉलेजियम व्यवस्था समाप्त कर उच्च न्यायिक आयोग के गठन, ओबीसी क्रीमी लेयर की आय सीमा की समीक्षा तथा सरकारी सेवाओं में पदोन्नति में एससी, एसटी और ओबीसी को आरक्षण का लाभ देने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने छात्रावासों के निर्माण, मीडिया संस्थानों में वंचित समाजों की भागीदारी, सफाईकर्मियों की आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्ति देने तथा सीवर व सेप्टिक टैंक की सफाई में मानव प्रवेश पूरी तरह बंद कर आधुनिक मशीनों से सफाई सुनिश्चित करने की मांग भी की। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से इन मांगों पर संबंधित संवैधानिक संस्थाओं एवं केन्द्र सरकार का ध्यान आकृष्ट करवाते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए उचित कदम उठाने का अनुरोध किया। इस मौके पर देवीलाल, भालाराम, गुरप्रीत, कालूराम, रायसिंह, राजकुमार, तरसेम सिंह, मोहनलाल, रूपसिंह, विष्णुराम, राजू कुमार आदि मौजूद रहे।
