ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में डोडा चूरा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीआईए सिरसा पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीआईए की टीम डिंग क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एनएच-9 पर फतेहाबाद की ओर से आ रहे एक संदिग्ध लाल रंग के कैंटर को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन से 12 सफेद प्लास्टिक कट्टे बरामद हुए। शक के आधार पर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में जब कट्टों की गहन जांच की गई, तो उनमें से 297 किलो 70 ग्राम डोडा चूरा पोस्त मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके पर ही कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मेजर सिंह पुत्र मंदर सिंह निवासी गांव कुतियावाली, जिला मुक्तसर साहिब (पंजाब) के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना डिंग में आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह यह नशीला पदार्थ झारखंड के रांची क्षेत्र से लाया था और सिरसा व आसपास के गांवों में इसकी सप्लाई करने की योजना बना रहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे गहन पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी, ताकि पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
