ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सीआईए ऐलनाबाद और एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 15 ग्राम 33 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम के प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान रानियां से होते हुए गांव ढाणी सतनाम सिंह की ओर जा रही थी। इसी दौरान ढाणी सतनाम सिंह के पास सामने से आ रही एक कार ने पुलिस वाहन को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी अचानक बंद हो गई। पुलिस ने शक के आधार पर कार में सवार सतविंदर सिंह पुत्र मलकीत सिंह निवासी गांव केसूपुरा और अनिता पुत्री हरबंस निवासी गांव ढाणी सतनाम सिंह जिला सिरसा को काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड से 8 ग्राम 8 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं दूसरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान सरस्वती कॉलोनी क्षेत्र में मौजूद थी। इस दौरान एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया, जिसने पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान युवक महेंद्र कुमार पुत्र मनोहर लाल निवासी सरस्वती कॉलोनी, सिरसा के कब्जे से 7 ग्राम 25 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान हेरोइन तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
