– गुरु गोविंद सिंह नगर में चार दिन में दूसरी वारदात से मोहल्लेवासियों में रोष
हनुमानगढ़। टाउन में राधा स्वामी डेरे के पीछे स्थित गुरु गोविंद सिंह नगर, वार्ड नंबर 34 में अज्ञात चोर सूने मकान के ताले तोड़कर 20 हजार रुपए की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और गुल्लक चोरी कर ले गए। वारदात के समय गृहस्वामी परिवार सहित फतेहगढ़ मोड़ स्थित अपने बेटे के घर गया हुआ था। बुधवार सुबह पड़ोसियों की सूचना पर परिवार घर पहुंचा तो ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। मकान मालिक हरबंशलाल सोनी पुत्र बूटाराम सोनी ने बताया कि वह परिवार के सदस्यों के साथ दो दिन पहले फतेहगढ़ मोड़ स्थित अंबिका कॉलोनी में अपने बेटे के पास गया था।

पीछे से रात के समय अज्ञात चोर मकान में घुसे और ताले तोड़कर अलमारी में रखी 20 हजार रुपए की नकदी, आधा तोला सोना, तीन-चार तोले चांदी के जेवरात और गुल्लक चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर मकान के गेट खुले होने और ताले टूटे होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। गृहस्वामी ने पुलिस थाने में परिवाद देकर अज्ञात चोरों का पता लगाने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। वार्डवासी नरेंद्र सोनी ने बताया कि मोहल्ले में चार दिन पहले भी चोरी की वारदात हुई थी। अब दूसरी घटना होने से मोहल्लेवासियों में रोष है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त करवाने की मांग की, ताकि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में भय पैदा हो और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।
