हनुमानगढ़। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के गांव ललाना बास दिखनादा में सूने मकान में घुसे अज्ञात चोरों ने नकदी और सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। गृहस्वामी के परिवार सहित बाहर होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। इस संबंध में गोगामेड़ी पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज हुआ है। न्यायालय के आदेश पर दर्ज मुकदमे के अनुसार परिवादी महेन्द्र (50) पुत्र बीरबलराम निवासी ललाना बास दिखनादा, तहसील नोहर ने बताया कि वह 20 दिसम्बर 2025 को अपराह्न करीब 3 बजे अपने मकान के ताले लगाकर पुत्रियों के पास गांव डोबी, तहसील भादरा गया था। 23 दिसम्बर 2025 को शाम करीब 4 बजे घर लौटने पर मकान के ताले टूटे मिले और कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। संदूक का ताला भी टूटा हुआ था। जांच करने पर संदूक में रखी 60 हजार रुपए की नकदी, एक तोला सोने की बालियों की जोड़ी, आधा तोला सोने का मंगलसूत्र तथा एक तोला चांदी की पाजेब की जोड़ी गायब मिली। परिवादी ने बताया कि अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश कर ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मौके पर दो-तीन व्यक्तियों के पैरों के निशान घर के कुण्ड व अन्य स्थानों पर पाए गए। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने इस्तगासा के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई मीरसिंह को सौंपी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
