हनुमानगढ़। गांव चंदूरवाली स्थित हनुमान मंदिर से दान पात्र चोरी कर उसमें रखी नकदी ले जाने के मामले में टिब्बी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर समिति अध्यक्ष की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गांव चंदूरवाली के वार्ड नम्बर सात निवासी एवं हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष हरि सिंह बिश्नोई (62) पुत्र सहीराम बिश्नोई ने टिब्बी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि 9 जून को दोपहर करीब 2 बजे तीन-चार युवक मंदिर परिसर से दान पात्र उठाकर ले गए। दान पात्र में करीब छह माह से एकत्रित श्रद्धालुओं की भेंट के लगभग 45 हजार रुपए रखे हुए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने पर चोरी की वारदात में शामिल युवकों की पहचान कर ली गई। रिपोर्ट में कुलदीप पुत्र दर्शन सिंह रायसिख निवासी पीरकामड़िया, बबलू पुत्र चन्ना सिंह तथा जज पुत्र शेरा सिंह मजहबी सहित अन्य साथियों पर चोरी में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सूरेवाला पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील कुमार को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
