हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में श्रीगंगानगर मार्ग स्थित अण्डरपास के पास बने हनुमान मंदिर में बुधवार रात्रि अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर परिसर की पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे और एयर कंडीशनर (एसी) का कम्प्रेशर चोरी कर ले गए। वारदात से पहले उन्होंने सीसीटीवी कैमरे और लाइट की तारें भी काट दीं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विजेन्द्र शर्मा ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व मंदिर के पीछे से अंदर घुसे और बाहर रखे तख्त का सहारा लेकर एसी का कम्प्रेशर चोरी कर ले गए। चोरों ने वारदात से पहले सीसीटीवी कैमरे की वायर काट दी तथा छत पर लगे सोलर सिस्टम को भी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि मंदिर में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। हर बार पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न तो किसी चोर को पकड़ा गया और न ही मंदिर को किसी प्रकार की सहायता मिली। विजेन्द्र शर्मा का कहना है कि नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और अब धार्मिक स्थलों को भी निशाना बना रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि चोरों ने पहले मंदिर की रैकी की थी, क्योंकि उन्हें पता था कि मंदिर परिसर के पीछे वाले हिस्से में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मंदिर के आसपास घूमने वाले संदिग्ध एवं नशेड़ी तत्वों पर निगरानी बढ़ाने तथा चोरी की वारदातों में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। मंदिर के पुजारी राकेश शर्मा ने बताया कि वे गुरुवार अल सुबह करीब सवा पांच बजे मंदिर पहुंचे तो एसी का कम्प्रेशर गायब मिला। हालांकि चोर मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने सीसीटीवी कैमरे और लाइट की तारें काट दीं। पुजारी ने कहा कि कुछ समय के अंतराल के बाद मंदिर में चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने मंदिर क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने, चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि शहर में चोरी और लूटपाट की घटनाओं में बढ़ोतरी से आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
