हनुमानगढ़। हिमगिरी कॉन्वेंट सेकेंडरी स्कूल के ऑडिटोरियम में शनिवार को मदर्स डे के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न खेलों व गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम में लगभग 65 माताओं ने हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ गेम्स और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भागीदारी निभाई। प्रतियोगिताओं में अव्वल रहने वाली माताओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत वेलकम सॉन्ग से की गई, जिसने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। इसके बाद बच्चों और माताओं की संयुक्त प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में प्रिंसिपल मीनाक्षी वर्मा, प्रवीण वर्मा, बलवीर सहित विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

मातृत्व को समर्पित विशेष पहल
स्टाफ सदस्य सपना नागपाल ने बताया कि सामान्यतः स्कूलों में कार्यक्रमों में बच्चे ही प्रदर्शन करते हैं, लेकिन इस बार मदर्स डे पर विशेष पहल करते हुए माताओं को भी शामिल किया गया ताकि वे भी इस दिन को खुलकर एंजॉय कर सकें।
उन्होंने कहा कि माताएं बिना थके सुबह से रात तक परिवार की जिम्मेदारियां निभाती हैं, इसलिए यह दिन उनके सम्मान और समर्पण को समर्पित होना चाहिए।
सम्मान और उत्साह का माहौल
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली माताओं को सम्मानित किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। पूरे आयोजन ने मातृत्व के सम्मान और पारिवारिक संबंधों की अहमियत को सुंदर तरीके से दर्शाया।
