जैसलमेर। जैसलमेर के आर्मी कैंट स्थित 23 फील्ड रेजिमेंट में तैनात एक हवलदार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। सदर थाना के एएसआई मदन सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह रघु एस (34) पुत्र सम्पत, निवासी तमिलनाडु ने आर्मी कैंट परिसर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जवाहिर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक के भाई पार्थिबन ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे उन्हें यूनिट से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वे कोलकाता से जैसलमेर पहुंचे। परिजनों की ओर से किसी पर कोई संदेह नहीं जताया गया है। बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों और सेना के अधिकारियों को सौंप दिया। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव देह को मॉर्च्युरी से रवाना किया गया। मृतक का भाई पार्थिबन शव लेकर तमिलनाडु के लिए रवाना हो चुका है। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
