जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। इसी दिशा में जयपुर में 23 से 25 मई तक ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम 2026)’ का आयोजन किया जाएगा, जो किसानों को आधुनिक खेती तकनीकों और वैश्विक कृषि प्रणालियों से जोड़ने का एक बड़ा मंच बनेगा। शुक्रवार को आयोजित कर्टेन रेज़र कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ग्राम 2026’ किसानों, वैज्ञानिकों, निवेशकों और नीति निर्माताओं के बीच संवाद का सेतु बनेगा। इससे किसानों को विशेषज्ञों के अनुभव और नवीनतम तकनीकों का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 15 अप्रैल से ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता रथ भेजे जाएंगे।

इन रथों के माध्यम से किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और सुझाव पेटिका के जरिए किसानों के सुझाव भी लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने किसानों से वैज्ञानिक तरीके अपनाने, मृदा परीक्षण के आधार पर खेती करने और रासायनिक उर्वरकों का सीमित उपयोग करने की अपील की। साथ ही जल संरक्षण के लिए स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। राज्य की कृषि उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान बाजरा, सरसों, तिलहन, जौ और ग्वार उत्पादन में अग्रणी है। वहीं मूंग व मूंगफली में दूसरा तथा सोयाबीन में तीसरा स्थान रखता है।

सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सूक्ष्म सिंचाई के तहत 4.80 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में संयंत्र स्थापित किए गए हैं। नहरी जल संग्रहण के लिए 12,476 डिग्गियां और 32,918 किलोमीटर सिंचाई पाइपलाइन बिछाई गई है। पशुपालन क्षेत्र में ‘मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना’ के तहत 12 लाख से अधिक पशुओं का निःशुल्क बीमा किया गया है। वहीं 1962 मोबाइल वेटरिनरी सेवाओं और 536 वाहनों के जरिए करीब 60 लाख पशुओं का उपचार कर 15 लाख पशुपालकों को लाभ पहुंचाया गया है।

इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना’ के तहत दुग्ध उत्पादकों को 5 रुपये प्रति लीटर का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। कृषि निवेश को लेकर उन्होंने बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट’ में कृषि क्षेत्र में 43 हजार करोड़ रुपये से अधिक के 2,539 एमओयू हुए हैं। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को 6,000 रुपये मिल रहे हैं, वहीं राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के तहत अतिरिक्त 3,000 रुपये दिए जा रहे हैं, जिसे बढ़ाकर 12,000 रुपये करने की योजना है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि सरकार किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर आधुनिक तकनीक आधारित खेती की ओर ले जाना चाहती है। ‘ग्राम 2026’ के माध्यम से किसानों को वैश्विक विशेषज्ञों से सीखने और नई तकनीकों को अपनाने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
