ऐलनाबाद। सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने शनिवार को पंचकूला के सेक्टर-15 स्थित बिश्नोई भवन में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने चौधरी भजनलाल को दूरदर्शी और कुशल राजनीतिज्ञ बताते हुए कहा कि हरियाणा के विकास में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। सांसद सैलजा ने कहा कि चौधरी भजनलाल सामाजिक एकता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे। यही कारण है कि आज भी प्रदेश के सभी वर्गों के लोग उन्हें सम्मानपूर्वक याद करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके हाथों प्रतिमा का अनावरण होना उनके लिए सौभाग्य की बात है और यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देती रहेगी। इस अवसर पर बिश्नोई सभा की ओर से सांसद कुमारी सैलजा का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सैलजा ने पंचकूला नगर निगम की वार्डबंदी और भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से खिलवाड़ कर रही है, जो उसकी राजनीतिक कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी नगर निगम चुनाव में पंचकूला की जनता कांग्रेस को विजय दिलाएगी। सांसद ने प्रदेश में गैस सिलेंडरों की किल्लत और कालाबाजारी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे लोग परेशान हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है, जबकि विकास के दावे जमीनी स्तर पर नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि देश में स्मार्ट सिटी के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन शहरों में अब भी स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित नहीं हो पाई हैं। उन्होंने कहा कि पंचकूला जैसे आधुनिक शहर में भी कचरे के ढेर लगे हुए हैं और विकास की गति धीमी पड़ गई है। सैलजा ने बताया कि इन मुद्दों को उन्होंने कई बार लोकसभा में भी उठाया है, लेकिन सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस मौके पर पंचकूला के विधायक चंद्र मोहन बिश्नोई, विधायक अकरम खान, कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, रामकिशन गुर्जर, प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज सहित बिश्नोई सभा के पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
