ऐलनाबाद। शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता, नवाचार और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में सी.आर.डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज, ऐलनाबाद और डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, मंडी डबवाली के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य दोनों शिक्षण संस्थानों के बीच अकादमिक सहयोग को मजबूत करना और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है। इस औपचारिक समझौते पर सी.आर.डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज, ऐलनाबाद के प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा और डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, मंडी डबवाली के प्राचार्य डॉ. विक्रम बंसल ने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम के दौरान सी.आर.डी.ए.वी. कॉलेज के चेयरमैन ईश कुमार मेहता ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह समझौता दोनों संस्थानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे छात्राओं को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, मार्गदर्शन और शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा संस्थानों के बीच सहयोगात्मक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं, ताकि विद्यार्थियों को बदलते शैक्षणिक और व्यावसायिक परिवेश के अनुरूप तैयार किया जा सके। इस समझौते के माध्यम से दोनों कॉलेजों के बीच ज्ञान, अनुभव और संसाधनों का आदान-प्रदान होगा, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर सी.आर.डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर प्रभजोत कौर और दीपिका रानी उपस्थित रहीं। वहीं डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, मंडी डबवाली की ओर से एसोसिएट प्रोफेसर उषा भट्टी, भारती बराड़, असिस्टेंट प्रोफेसर प्रदीप कसवां तथा राजपाल वर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। बताया गया कि यह समझौता अगले पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से शोध कार्य, शैक्षणिक कार्यशालाएं, सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा छात्र-केंद्रित गतिविधियों का आयोजन करेंगे। प्राचार्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस सहयोग से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी तथा उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
