ऐलनाबाद। सी.आर.डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज ने राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग रूपरेखा (एन.आई.आर.एफ.) के अंतर्गत पंजीकरण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह संपूर्ण कार्य प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। महाविद्यालय में सहायक प्राचार्य दीपशिखा सरदाना एवं जितेन्द्र कुमार द्वारा एन.आई.आर.एफ. पंजीकरण की समस्त औपचारिकताएँ दक्षतापूर्वक पूर्ण की गईं। पंजीकरण हेतु आवश्यक सभी दस्तावेज सुव्यवस्थित रूप से तैयार कर प्राचार्य को विधिवत प्रस्तुत किए गए। इस प्रक्रिया में टीम सदस्य इंदु कामरा एवं शैफी सरदाना का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। साथ ही, महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगणों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग रूपरेखा भारत सरकार द्वारा संचालित एक प्रतिष्ठित प्रणाली है, जिसके अंतर्गत देशभर के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन विभिन्न शैक्षणिक, शोध एवं अवसंरचनात्मक मानकों के आधार पर किया जाता है। सी.आर.डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज, ऐलनाबाद एक बहुविषयक उच्च शिक्षण संस्थान है, जहाँ कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकायों के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। एन.आई.आर.एफ. में पंजीकरण महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, गुणवत्ता एवं निरंतर प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति ने पूरी टीम एवं समस्त स्टाफ को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। यह महाविद्यालय के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय है।
