हरियाणा/हिसार। हरियाणा सरकार द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश ठकराल को हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किए जाने पर व्यापारिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। नियुक्ति के बाद राजेश ठकराल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता तथा संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा का आभार व्यक्त किया। राजेश ठकराल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा का व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और व्यापारियों ने हमेशा राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारियों और सरकार के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करेगा। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों की रक्षा तथा व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए बोर्ड सक्रिय भूमिका निभाएगा। ठकराल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ व्यापारी वर्ग की आवाज को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटे, मध्यम और बड़े सभी व्यापारियों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उनका उद्देश्य केवल पद ग्रहण करना नहीं, बल्कि इस जिम्मेदारी को जनसेवा और व्यापारी हितों की सेवा का माध्यम बनाना है। राजेश ठकराल ने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड को और अधिक सक्रिय, प्रभावी एवं व्यापारी हितैषी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के कल्याण, उनके अधिकारों की रक्षा और बेहतर व्यापारिक वातावरण के निर्माण के लिए बोर्ड पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन नेतृत्व का पुनः धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन वे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ करेंगे तथा प्रदेश के व्यापारी वर्ग की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
संवाददाता- राजेश सलूजा
