हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित रत्नदीप मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को सत्र 2025-26 के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरीटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा और बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज के निदेशक तरुण विजय रहे। बाबूलाल जुनेजा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि रत्नदीप मॉडल स्कूल हर वर्ष शानदार परीक्षा परिणाम देता आया है। उन्होंने बताया कि वे पिछले लगभग तीस सालों से इस विद्यालय से जुड़े हुए हैं और यह संस्था शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्टता का प्रतीक रही है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विद्यालय से पढ़कर आने वाले विद्यार्थी भविष्य में सरकारी सेवाओं और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी योग्यता का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विद्यालय में ओमप्रकाश चोयल की ओर से लगाया गया पौधा, जितेन्द्र चोयल और श्रवण चोयल की देखरेख में आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है, जो विद्यार्थियों और स्टाफ के समर्पण और मेहनत का प्रतीक है। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों और स्टाफ को बोर्ड परीक्षा में शानदार परिणाम के लिए बधाई दी और कहा कि इस तरह के समारोह विद्यार्थियों को प्रेरित करने के साथ ही शिक्षा के महत्व को भी समझने में मदद करते हैं।

विद्यालय प्रबंधक जितेन्द्र चोयल ने बताया कि कक्षा 12 के विज्ञान और कला वर्ग में कुल 87 विद्यार्थियों में से 79 ने प्रथम श्रेणी हासिल की, जबकि 8 विद्यार्थियों की द्वितीय श्रेणी रही। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की टीम को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बधाई दी। उनके अनुसार, पिछले वर्षांे की तरह इस वर्ष भी विद्यालय का बोर्ड परिणाम शानदार रहा और प्रत्येक साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं।

विद्यालय प्रबंधक ने कहा कि स्कूल की यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे इसी प्रकार मेहनत और लगन से पढ़ाई करते रहें और आने वाले वर्षांे में भी विद्यालय का नाम रौशन करें। सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को राजस्थानी साफा और मेडल पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य अतिथियों और स्टाफ सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को उनके मेहनत और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। समारोह में विद्यार्थियों के माता-पिता और अभिभावक भी शामिल रहे और उन्होंने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।
