हनुमानगढ़। अरोड़वंश समाज के आदि प्रवर्तक अरुट महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला मुख्यालय पर जंक्शन और टाउन के अरोड़वंश समाज की ओर से संयुक्त रूप से शोभायात्रा निकाली गई। यह पहला अवसर रहा जब दोनों शहरों के समाजजन एक साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। आयोजन के माध्यम से समाज ने एकजुटता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। शोभायात्रा जंक्शन स्थित अरोड़वंश धर्मशाला से रथ और डीजे के साथ रवाना हुई। शोभायात्रा को सभा जंक्शन के प्रधान खैरातीलाल मदान, टाउन प्रधान रामलुभाया तिन्ना तथा समाजसेवी डॉ. निशांत बत्तरा ने अरुट महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर रवाना किया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गांे से होते हुए टाउन स्थित अरोड़वंश धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में अरुट महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में समाज के लोग पैदल, दुपहिया और चौपहिया वाहनों पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर छबील, शीतल जल, लस्सी और अन्य पेय पदार्थांे की व्यवस्था की गई। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया, जिससे आयोजन को लेकर समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर डॉ. निशांत बतरा ने कहा कि अरुट महाराज ने समाज को भाईचारे, अहिंसा और स्वाभिमान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अरोड़वंश समाज ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और संघर्ष के बल पर पहचान बनाई है। शोभायात्रा के माध्यम से यही संदेश दिया गया है कि समाज संगठित और मजबूत है। वहीं, अपना घर वृद्धाश्रम के अध्यक्ष नरेन्द्र मिड्ढा ने युवाओं से समाज, राष्ट्र और मानवता के हित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अरोड़वंश समाज सदैव नशे जैसी बुराइयों से दूर रहा है, जो समाज के लिए गर्व की बात है। युवाओं को भी नशे से दूर रहकर समाज और परिवार की उन्नति में योगदान देना चाहिए। अरोड़वंश सभा जंक्शन के उपाध्यक्ष विकास जुनेजा ने कहा कि अरुट महाराज की जयंती पर समाज की अभूतपूर्व एकता देखकर मन प्रफुल्लित है। उन्होंने समाजजनों से एकजुटता बनाए रखने और अरुट महाराज के आदर्शांे तथा शिक्षाओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। शोभायात्रा के सफल आयोजन ने अरोड़वंश समाज की एकता, संगठन शक्ति और सामाजिक जागरूकता का परिचय दिया। समाज के लोगों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
