हनुमानगढ़। टाउन के प्रेम नगर स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक सर के प्रधान गुरुबूटा सिंह ने अपने परिवार में आए नए मेहमान (पोते) के जन्म की खुशी को एक अनूठे और सेवाभावी तरीके से मनाया है। इस मौके पर उन्होंने आमजन और अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए राजकीय जिला अस्पताल में एक आधुनिक वाटर कूलर भेंट किया। इस वाटर कूलर का विधिवत लोकार्पण शनिवार को विधायक गणेश राज बंसल ने फीता काटकर किया। इस मौके पर सिख धार्मिक परंपरा के अनुसार ग्रंथी की ओर से सरबत के भले (सभी के कल्याण) की सामूहिक अरदास की गई। वाटर कूलर के लोकार्पण के पश्चात विधायक ने राजकीय अस्पताल के चाइल्ड आईसीयू (बाल गहन चिकित्सा इकाई) का दौरा और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य और मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। चाइल्ड आईसीयू यूनिट को रैंप से जोड़ने और वहां आने वाले परिजनों की सुविधा के लिए विधायक ने घोषणा की। उन्होंने चाइल्ड आईसीयू यूनिट परिसर में एक आधुनिक वातानुकूलित वेटिंग हॉल निर्माण करवाने का ऐलान किया। इस निर्माण कार्य पर करीब 25 लाख रुपए की लागत आएगी, जिसे नगर परिषद और विधायक कोष के संयुक्त सहयोग से पूरा करवाया जाएगा। विधायक की इस घोषणा से अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। इस मौके पर विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि खुशी के मौके पर अस्पताल में वाटर कूलर लगवाना अनुकरणीय पहल है, जिससे नागरिकों को ठंडे और स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, पीएमओ डॉ. शंकर सोनी, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सभापति बलकरण सिंह, मुकेश भार्गव, डॉ. देवेंद्र भादू, डॉ. भाल सिंह, वेद प्रकाश, राजवीर सिंह, प्रेम मेघवाल, मनोज बंसल, राय सिंह, भूपेंद्र सिंह, अहमद खान, बाबा जोगा सिंह, ईशर सिंह, परमजीत सिंह, सुखवंत सिंह मौजूद थे।
