रावतसर। क्षेत्र में उस समय उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला जब कृषि आदान विक्रेताओं और धान मंडी के व्यापारियों द्वारा नरेश गोयल के कृषि आयुक्त का पदभार ग्रहण करने पर उनके परिवार का भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर नरेश गोयल के बड़े भाई नन्द किशोर गोयल का फूल-मालाओं से स्वागत और अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में कृषि आदान विक्रेताओं के साथ-साथ धान मंडी के अनेक व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। सम्मान समारोह के दौरान नन्द किशोर गोयल ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि नरेश गोयल अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को राहत दिलाने और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नरेश गोयल के नेतृत्व में क्षेत्र में कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी और किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों और विक्रेताओं ने उम्मीद जताई कि उनके कृषि आयुक्त बनने से क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
संवाददाता- नरेश
