ऐलनाबाद। जिले में घरेलू गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से जारी है। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। गत दिवस जिले में कुल 6561 घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी की गई। जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की टीमें लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं और नियमित रूप से स्टॉक की स्थिति की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी स्थान पर गैस की कमी न होने पाए। उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को गैस की डिलीवरी निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही की जा रही है। हरवीर सिंह ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर लें और अनावश्यक रूप से सिलेंडरों का संग्रह न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं से निर्धारित कीमत से अधिक राशि न वसूली जाए। यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति तय कीमत से ज्यादा राशि वसूलते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विभाग द्वारा कालाबाजारी और अवैध उपयोग पर भी लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। जिलावासियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं गैस आपूर्ति में कोई अनियमितता नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 01666-248422 पर दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
