जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सभी को इतिहास का अध्ययन करना चाहिए। देश को एक रखने के लिए राष्ट्रीय चरित्र वाले नागरिकों ने अपना सर्वस्व समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना भाजपा की विचारधारा में दिखाई देती है। राठौड़ सोमवार को जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित छात्र सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई विपक्षी नेता विभिन्न मामलों में जमानत पर हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, रॉबर्ट वाड्रा, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह सहित अन्य नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं पर इस प्रकार के आरोप नहीं हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके जीवन और विचारों का अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझ सकें। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी 33 वर्ष की आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बने। बाद में वे बंगाल सरकार में वित्त मंत्री तथा स्वतंत्र भारत की पहली सरकार में उद्योग मंत्री रहे। पूर्वी पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार और नेहरू-लियाकत समझौते से असहमति के कारण उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर राष्ट्रवादी राजनीतिक विकल्प के निर्माण का मार्ग चुना। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि छात्र सम्मेलन युवाओं से संवाद अभियान की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि अभियान को सभी जिलों और मंडलों तक ले जाया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी.
