बीकानेर। बीकानेर रेंज में अपराध नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय सीमा सुरक्षा को लेकर सोमवार को रेंज आईजी ओमप्रकाश की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के पुलिस अधीक्षकों के अलावा बीएसएफ, आर्मी इंटेलिजेंस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सीमा पार से ड्रोन के जरिए हो रही हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी, सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 के अपराध आंकड़ों की समीक्षा की गई। इसमें हत्या के मामलों में 29.03 प्रतिशत, हत्या के प्रयास में 11.68 प्रतिशत, बालिकाओं से दुष्कर्म के मामलों में 33.83 प्रतिशत तथा अन्य अपराधों में 16.46 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। कुल मिलाकर रेंज में अपराधों में 11.33 प्रतिशत की गिरावट आई है। हालांकि आईजी ने चोरी और नकबजनी के मामलों में चालानी कार्रवाई बढ़ाने तथा अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला अत्याचार, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार के मामलों में भी पिछले वर्ष की तुलना में कमी दर्ज की गई। सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में करीब 10 प्रतिशत की कमी आने पर संतोष जताते हुए दुर्घटना रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आईजी ओमप्रकाश ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सक्रिय अपराधी गिरोहों पर कड़ी निगरानी, उनकी संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा नशा तस्करों पर सख्त प्रहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन के जरिए तस्करी के 17 मामलों में 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 67.354 किलोग्राम हेरोइन, 985 ग्राम अफीम, दो ड्रोन, 11 पिस्टल, 397 कारतूस, दो कारें, 23 मोबाइल फोन तथा 1.61 लाख रुपए नकद जब्त किए गए। जनवरी से जून 2026 के दौरान रेंज में एनडीपीएस एक्ट के 1005 मामले दर्ज कर 1279 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 9.2 टन से अधिक डोडा पोस्त, 133 किलोग्राम से अधिक अफीम, करीब 79 किलोग्राम हेरोइन/स्मैक, 157 किलोग्राम गांजा, 84 हजार से अधिक नशीली गोलियां तथा बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए। वहीं आर्म्स एक्ट के 262 मामलों में 248 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 200 अवैध हथियार और 2514 कारतूस जब्त किए गए। आबकारी अधिनियम के तहत भी बड़े पैमाने पर अवैध शराब जब्त की गई।
