हनुमानगढ़। जंक्शन के सेक्टर नम्बर 6 विस्तार, वार्ड नम्बर 54 में पिछले करीब दो वर्षांे से क्षतिग्रस्त पड़ी पुलिया के निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों ने सोमवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। वार्डवासियों ने बताया कि ग्रीन पार्क के पास 100 फीट रोड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बनी पुलिया एक तरफ से लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रशासन शहर के संग अभियान के तहत वार्ड बैठक, सेक्टर 6 सामुदायिक केन्द्र में भी शिकायत की जा चुकी है, वहीं जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से भी मामला प्रशासन तक पहुंचाया गया था। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और नगर परिषद के संबंधित अधिकारियों को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 181 हेल्पलाइन पर की गई शिकायतों का भी समाधान नहीं हुआ और औपचारिक जवाब देकर मामले को टाल दिया गया। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र पुलिया का निर्माण करवाकर राहत दिलाने की मांग की। इस मौके पर सूर्य प्रकाश जोशी, अनंत राम ढूंढाड़ा, बलवीर सिंह, अर्जुन राम सोलंकी, हरिहर सिंह एवं दयाल वर्मा सहित कई नागरिक मौजूद रहे।
