टिब्बी। हनुमानगढ़ जिले के ब्लॉक टिब्बी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डबली खुर्द में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ की गई। विद्यालय परिवार ने निर्णय लिया है कि नए सत्र में जितने विद्यार्थी प्रवेश लेंगे, उतने ही पौधे विद्यालय परिसर में लगाए जाएंगे। इसी क्रम में शुक्रवार को 21 पौधे लगाकर इस अभिनव अभियान की शुरुआत की गई। वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए पौधे विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक मोटाराम द्वारा उपलब्ध करवाए गए।

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया। विद्यालय प्रशासन का मानना है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना भी अत्यंत आवश्यक है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि विद्यालय पूर्व में भी वृक्षारोपण के क्षेत्र में सक्रिय रहा है।

गत वर्ष विद्यालय परिसर में 1100 से अधिक पौधे लगाए गए थे, जिनकी हरियाली आज भी विद्यालय की सुंदरता बढ़ा रही है और आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। कार्यक्रम में प्राध्यापक भूप सिंह पूनिया, कृष्णा, सुशील कुमार, वरिष्ठ अध्यापक मोटाराम, अनिल कुमार, रवींद्र, लाली, शेराराम, नत्थूराम, संदीप, सारिका एवं ममता का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर प्राध्यापक भूप सिंह पूनिया ने कहा कि यह अभियान विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है, जो भविष्य में सकारात्मक परिणाम देगा।
