भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार को लेकर बड़ा कदम उठाया गया। प्रदेश के 17 जिलों में भाजपा जिला कार्यालयों के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया, जहां से मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और विभिन्न जिलों में कार्यालय निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के नेतृत्व और भारत की वैश्विक स्थिति पर जोर देते हुए कहा कि भारत अब उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जो अपने दुश्मनों को उनके ही घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का आत्मविश्वास और सामर्थ्य लगातार बढ़ा है। सीएम यादव ने कहा कि आज का समय “धुरंधर-2” का दौर है, लेकिन हमें “धुरंधर-1” का समय भी याद रखना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय नकली नोटों के जरिए भारत को अस्थिर करने की कोशिश की जाती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और भारत ने अपने दुश्मनों को कड़ा जवाब देना सीख लिया है। उन्होंने कहा कि मजबूत और समर्थ नेतृत्व होने पर देश की कई जटिल समस्याओं का समाधान अपने आप निकल आता है।

मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा की मजबूती पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि फीनिक्स पक्षी की तरह राख से फिर जीवित होने की कहानी तो सुनी जाती है, लेकिन भाजपा को हमने ऐसा संगठन देखा है जिसकी विचारधारा अटल और अमर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं का चरित्र, दर्शन और राष्ट्र के प्रति समर्पण अद्भुत है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व से प्रत्येक कार्यकर्ता का मनोबल बढ़ाया है। सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि गठबंधन की राजनीति के लंबे दौर में भी अटल जी ने 24 दलों के साथ सफलतापूर्वक सरकार चलाई और अपने कई वादों को पूरा किया। उनके नेतृत्व में भाजपा ने राष्ट्रीय राजनीति में मजबूत स्थान बनाया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन की विचारधारा और विस्तार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा सहभागिता और राष्ट्रहित पर आधारित है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा रखी गई वैचारिक नींव को पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और अन्य नेताओं ने आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने मूल सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। खंडेलवाल ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 17 जिलों में पार्टी कार्यालयों के निर्माण की शुरुआत की जा रही है और लक्ष्य यह है कि अगले स्थापना दिवस से पहले प्रदेश के सभी 52 जिलों में भाजपा के अपने कार्यालय स्थापित हो जाएं। उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और पुस्तकालय भी शामिल होंगे। पुस्तकालयों में संगठन और पार्टी विचारधारा से जुड़ी किताबें उपलब्ध रहेंगी, जिससे कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाया जा सके। भोपाल में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के दिवंगत नेताओं और कार्यकर्ताओं के परिजनों का भी सम्मान किया गया। इस दौरान एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब पूर्व विधायक स्वर्गीय रमेश शर्मा के परिजनों का सम्मान करने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं मंच से नीचे उतरकर उनके पास पहुंचे। सम्मेलन के बाद औपचारिक रूप से 17 जिलों में भाजपा कार्यालयों के निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इन जिलों में कार्यालय निर्माण के लिए जमीन पहले ही खरीदी जा चुकी थी और अब निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। इस अवसर पर पार्टी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की भी घोषणा की। भाजपा 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में “गांव-बस्ती चलो अभियान” चलाएगी। इस अभियान में सांसद, विधायक, महापौर, नगर पालिका अध्यक्षों सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भाग लेंगे। अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50 बड़े गांवों का चयन किया गया है, जहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी नेताओं को इन गांवों में जाकर न केवल जनसभाएं करनी होंगी, बल्कि संगठन की नींव रखने वाले पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर भी जाना होगा और उनका सम्मान करना होगा। इसके अलावा गांवों में स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पार्टी के बड़े नेता स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान करेंगे। चौपालों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। पार्टी ने यह भी निर्देश दिया है कि नेता केवल भाषण तक सीमित न रहें, बल्कि उन लोगों से भी मुलाकात करें जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। ऐसे लाभार्थियों के अनुभवों के वीडियो बनाए जाएंगे और उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया जाएगा, ताकि सरकार की योजनाओं का वास्तविक प्रभाव लोगों तक पहुंच सके।
