भादरा। दयानंद एंग्लो सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भादरा के विद्यार्थियों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया है। साइंस संकाय में कई विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। स्कूल की छात्रा ज्योति ने 98.20 प्रतिशत अंक हासिल कर बेहतरीन प्रदर्शन किया। ज्योति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता विजेंद्र सिंह और माता निर्मला को दिया।

वह भविष्य में कृषि वैज्ञानिक बनना चाहती है। इसी तरह छात्र नितिन ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। नितिन ने अपनी सफलता का श्रेय पिता महेंद्र कुमार और माता नीलम को दिया। वह आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहता है। छात्रा भूमिका ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया।

भूमिका ने अपनी सफलता का श्रेय पिता अनिल कुमार और माता रेणु बाला को दिया तथा भविष्य में शिक्षक बनने की इच्छा जताई। वहीं छात्रा ललिता और चंचल ने भी 95.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। ललिता ने अपनी सफलता का श्रेय पिता जयवीर सिंह और माता सुमन को दिया तथा वह कृषि वैज्ञानिक बनना चाहती है। जबकि चंचल ने अपनी सफलता का श्रेय पिता कन्हैया लाल और माता उर्मिला को दिया और वह इंजीनियर बनने का लक्ष्य रखती है।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

