रतलाम। मध्य प्रदेश की सियासत में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया जब महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय का जवाब सामने आया। विधायक मालवीय ने एक वीडियो जारी कर सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा, तथ्यहीन और निराधार बताया है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले में आपराधिक और मानहानि का मुकदमा अदालत में दायर करेंगे। मालवीय ने अपने बयान में कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप न केवल बेबुनियाद हैं, बल्कि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश भी हैं। उन्होंने कहा, “मेरे ऊपर कोई जांच या प्रकरण लंबित नहीं है और न ही मैंने किसी की जमीन हड़पी है। इस तरह के स्तरहीन आरोप लगाना स्वयं में अपराध है।” विधायक ने आगे कहा कि वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाकर सच्चाई सामने लाएंगे और आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। विधायक ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी प्रमाण के इस प्रकार के आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे राजनीतिक मर्यादाएं भी प्रभावित होती हैं। दरअसल, गुरुवार को भोपाल में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने राज्यपाल को एक शिकायत सौंपते हुए विधायक मालवीय पर यौन शोषण, संपत्ति हड़पने और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि एक महिला प्रोफेसर विधायक की प्रताड़ना से परेशान होकर अपने पद से इस्तीफा देने को मजबूर हुई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि पीड़िता पिछले करीब दस वर्षों से न्याय के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन प्रभाव और सत्ता के दबाव के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके अलावा, बोरासी ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि विधायक ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर महिला की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया। आरोप के मुताबिक, दुकान के शटर तोड़कर जमीन पर अवैध कब्जा किया गया। हालांकि, इन सभी आरोपों को विधायक मालवीय ने सिरे से खारिज कर दिया है और उन्हें राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप लगाने वाले पक्ष के पास कोई ठोस प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करना चाहिए। इस पूरे मामले ने प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि मामला कानूनी प्रक्रिया में किस दिशा में आगे बढ़ता है और सच्चाई क्या सामने आती है।
