ऐलनाबाद। स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी के साथ उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित इन शिविरों में सोमवार को कुल 6 शिकायतें प्राप्त हुईं। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित और सरल समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अक्सर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और संसाधनों दोनों की हानि होती है। समाधान शिविर इस समस्या के समाधान की दिशा में एक प्रभावी पहल है। एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और प्राथमिकता के आधार पर उसका निपटारा किया जाए। किसी भी शिकायत को लंबित न रखते हुए उसकी जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जटिल मामलों का भी शीघ्र और प्रभावी समाधान हो सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकते हैं।
संवाददाता- रमेश भार्गव
