– नगर परिषद में फर्जीवाड़े के आरोपों की जांच की मांग, महिला सफाई कर्मचारी हुईं बेहोश
हनुमानगढ़। नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों की संख्या को लेकर कथित फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय के समक्ष एनजीओ के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों का बेमियादी धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। मांगों पर कोई सुनवाई नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने नगर परिषद आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान भीषण गर्मी के चलते कमला देवी नामक महिला सफाई कर्मचारी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आ गया। साथी महिला कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें संभालकर धरनास्थल पर छाया में पहुंचाया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य हुई। धरने का नेतृत्व कर रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष परितोष सारस्वत ने आरोप लगाया कि नगर परिषद में धरातल पर केवल करीब 200 सफाई कर्मचारी ही कार्य कर रहे हैं, जबकि रिकॉर्ड में 400 कर्मचारियों को दर्शाकर भुगतान उठाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं है तो नगर परिषद प्रशासन तत्काल सभी 400 सफाई कर्मचारियों की सूची सार्वजनिक करे। सारस्वत ने बताया कि करीब 45 डिग्री तापमान के बीच पिछले तीन दिनों से कर्मचारी धरने पर बैठे हैं, लेकिन नगर परिषद के किसी अधिकारी ने अब तक उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में हुई कथित अनियमितताओं के उजागर होने के डर से कर्मचारियों की सूची जारी नहीं की जा रही। धरनार्थियों ने मांग की कि सफाई कार्य में लगे बताए जा रहे सभी 400 कर्मचारियों की जोनवार सूची सार्वजनिक की जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा एनजीओ के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया जाए। इसके अलावा उन्होंने महेंद्र शर्मा के नाम से जारी सफाई कार्य के टेंडर को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की भी मांग उठाई। परितोष सारस्वत ने कहा कि वे नगर परिषद में हुए कथित फर्जीवाड़े और पूर्व सभापति के कार्यकाल से जुड़े मामलों को उजागर करने के लिए आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर भाजपा के जिला पदाधिकारियों से भी चर्चा की गई है तथा मांगों के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा।
