हनुमानगढ़। जंक्शन में रेलवे स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास खड़ी बाइक दिनदहाड़े चोरी हो गई। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। बाइक मालिक की ओर से जंक्शन पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर वारदात के संबंध में सूचना दी गई। जंक्शन के वार्ड 38 निवासी राकेश कुमार के अनुसार उसने शुक्रवार को सुबह अपनी मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसक्यू 8675 जंक्शन के मुख्य बाजार में रेलवे स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास खड़ी की थी। करीब 7.50 से 8 बजे के बीच कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी बाइक चोरी कर ले गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में टोपी पहने एक युवक उसकी बाइक चोरी कर ले जाता हुआ नजर आया। राकेश कुमार ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरीशुदा बाइक शीघ्र बरामद की जाए और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
